होम = Breaking = न्यूयॉर्क में UN मुख्यालय के बाहर आत्मदाह, तिब्बती झंडा लेकर पहुंचे शख्स की मौत

न्यूयॉर्क में UN मुख्यालय के बाहर आत्मदाह, तिब्बती झंडा लेकर पहुंचे शख्स की मौत

by | Jul 3, 2026 | Breaking, Trending

Tibet Protest New York: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय के बाहर गुरुवार शाम एक व्यक्ति ने तिब्बत का झंडा हाथ में लेकर कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तत्काल आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना को तिब्बत से जुड़े राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्मदाह के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है।

घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे मैनहट्टन में ईस्ट 42वीं-43वीं स्ट्रीट और फर्स्ट एवेन्यू के पास स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय के बाहर हुई। सुरक्षा कैमरों (Surveillance Footage) में कथित तौर पर देखा गया कि व्यक्ति पहले सड़क किनारे तिब्बती झंडा लेकर खड़ा हुआ और उसके बाद खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की तथा गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल से मिला विरोध का संदेश

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को घटनास्थल से तिब्बती झंडे के साथ एक बोर्ड भी मिला, जिस पर "China Out of Tibet" लिखा था। घटना के बाद एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए फर्स्ट एवेन्यू का एक हिस्सा बंद कर दिया गया। वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ एक्टिविस्ट इस व्यक्ति को तिब्बती कार्यकर्ता बता रहे हैं, हालांकि अधिकारियों की ओर से उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।