होम = Breaking = नोएडा: अरण्या सोसाइटी में 21वें फ्लोर पर आग, लोगों में मचा हड़कंप

नोएडा: अरण्या सोसाइटी में 21वें फ्लोर पर आग, लोगों में मचा हड़कंप

Noida Fire News: दिल्ली एनसीआर के नोएडा में हाईराइज सोसायटियों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सेक्टर 119 स्थित द अरण्या सोसाइटी का है, जहां 21वें फ्लोर पर एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि खिड़कियों से उठती लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

आग पर पाया गया काबू, CM योगी ने दिए निर्देश

फायर डिपार्टमेंट के अनुसार अब आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने प्रशासन को आग जैसी घटनाओं को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरतने के लिए भी कहा है।