Norway Ukraine Investment: रूस के साथ जारी जंग के बीच यूक्रेन की रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए नॉर्वे ने बड़ा ऐलान किया है। नॉर्वे सरकार यूक्रेन के रक्षा उद्योग में निवेश के लिए 1 अरब नॉर्वेजियन क्रोनर यानी करीब 900 करोड़ रुपये का फंड बनाएगी। इस योजना का मकसद न केवल यूक्रेन के डिफेंस सेक्टर को मजबूती देना है, बल्कि नॉर्वे की निजी कंपनियों को भी वहां निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है।
निजी कंपनियों के निवेश को मिलेगा बढ़ावा
नॉर्वे सरकार के मुताबिक, इस फंड के जरिए यूक्रेन के रक्षा उद्योग में निजी निवेश आकर्षित किया जाएगा। सरकार की ओर से दी जाने वाली रकम निजी कंपनियों को पूंजी जुटाने में मदद करेगी। इससे यूक्रेन की रक्षा तकनीक और हथियार उत्पादन क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नॉर्वे NATO का सदस्य देश है। ऐसे में यूक्रेन के रक्षा क्षेत्र में निवेश की यह पहल यूरोप की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सरकारी कंपनी करेगी योजना का संचालन
नॉर्वे की उद्योग और वाणिज्य मंत्री सेसिली मिरसेथ ने कहा कि उनके देश का निवेश यूक्रेन के रक्षा क्षेत्र को तेजी से विकसित करने में मदद कर सकता है। इस योजना का संचालन नॉर्वे की सरकारी निवेश कंपनी इन्वेस्टिनॉर (Investinor) करेगी। शुरुआती चरण में उन निवेश फंडों पर ध्यान दिया जाएगा, जिनकी नॉर्वे में गतिविधियां हैं और जो पहले से यूक्रेन की रक्षा तकनीक में निवेश कर रहे हैं। आगे चलकर इस योजना का दायरा बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत यूक्रेन की कंपनियों में सीधे हिस्सेदारी खरीदने का विकल्प भी शामिल हो सकता है।
तीन साल में खर्च होगी निवेश की रकम
इस योजना का वित्तीय ढांचा तीन साल के लिए तैयार किया गया है। इसके लिए पैसा नॉर्वे के बहुवर्षीय नानसेन सपोर्ट प्रोग्राम के तहत यूक्रेन को सैन्य सहायता देने के लिए पहले से तय बजट से लिया जाएगा। नॉर्वे के रक्षा मंत्री तोरे ओ. सैंडविक ने कहा कि यूक्रेन की रक्षा क्षमता को मजबूत करना यूरोप और नॉर्वे की दीर्घकालिक सुरक्षा में निवेश करने जैसा है। इस पहल के जरिए नॉर्वे यूक्रेन के रक्षा उद्योग को मजबूती देने के साथ अपनी निजी कंपनियों को भी वहां विकसित हो रही रक्षा तकनीक और उद्योग से जोड़ना चाहता है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन से क्या बदल जाएगी ट्रंप की ताकत? जानें कौन डालता है वोट

