Monday, Nov 09

होम = State = ‘वो नेता ही क्या, जो चुनाव से भागे?’, राजभर ने अखिलेश यादव को दी दो-दो हाथ करने की चुनौती

‘वो नेता ही क्या, जो चुनाव से भागे?’, राजभर ने अखिलेश यादव को दी दो-दो हाथ करने की चुनौती

Om Prakash Rajbhar: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश के बयान पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें किसी एक सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। राजभर ने कहा कि नेता चुनाव से नहीं भागते, लेकिन अखिलेश चुनौती से डरकर मैदान छोड़ रहे हैं।

अखिलेश ने चुनाव नहीं लड़ने को बताया था टोटका

दरअसल, मंगलवार को पत्रकारों के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा था कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने इसे टोटका बताते हुए कहा था कि जब वह चुनाव नहीं लड़ते हैं, तभी मुख्यमंत्री बनते हैं। अखिलेश के इसी बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेता वही है, जो चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबला करे। राजभर ने अखिलेश को चुनौती देते हुए कहा, 'ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ।'

'रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादे हैं अखिलेश'

राजभर ने अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोटका नहीं था, बल्कि रेडीमेड पार्टी का रेडीमेड शहजादा होने की वजह से वह मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब अखिलेश को लग रहा है कि चुनाव लड़ने पर हार का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए वह मैदान छोड़ने की बात कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि यह लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जहां प्रदेश को टोना-टोटका मानने वाले चलाते थे।

नोएडा से अयोध्या तक गिनाए पुराने सियासी तंज

कैबिनेट मंत्री ने अपने बयान में नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टोना-टोटका मानने वाली सरकार को जनता 10 साल पहले ही सत्ता से बाहर कर चुकी है। राजभर ने दावा किया कि अब उन्होंने मिलकर सभी टोना-टोटका, भूत-प्रेत और पिशाच खत्म कर दिए हैं। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि वह एक ही बार मुख्यमंत्री बन पाए हैं और आगे मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद भी नहीं है।

राजभर ने किसी एक सीट से चुनाव लड़ने की दी चुनौती

राजभर ने कहा कि अखिलेश को कम से कम हिम्मत दिखाते हुए किसी एक सीट से चुनाव लड़ना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश चुनौती से डर गए हैं और चुनावी मैदान से पीछे हट रहे हैं। अपने बयान के आखिर में राजभर ने अखिलेश के वाराणसी दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, लेकिन थोड़ी दूरी पर स्थित बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला। राजभर ने यह भी कहा कि उन्हें काल भैरव बाबा के दरबार में जाना चाहिए था, जहां उनके मुताबिक टोना-टोटका का इलाज हो जाता।

ये भी पढ़ें: सागर SP पद से हटाए गए IPS अनुराग सुजानिया का इस्तीफा, तबादले के 4 दिन बाद छोड़ी नौकरी