Omar Abdullah Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। शनिवार को उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर निधि के साथ एक तस्वीर साझा कर इस खबर की जानकारी दी। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, 'कल एक नई यात्रा शुरू हुई।' इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया। शादी के एक दिन बाद सामने आए इस ऐलान के साथ उमर अब्दुल्ला की जिंदगी का नया अध्याय शुरू हो गया है।
शादी के बाद सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर निधि राजदान के साथ तस्वीर पोस्ट की। इसके जरिए उन्होंने अपनी शादी की जानकारी सार्वजनिक की। तस्वीर के साथ लिखे संदेश में उन्होंने नई यात्रा शुरू होने की बात कही। उनके इस पोस्ट के बाद दोनों की शादी चर्चा में आ गई।
पायल अब्दुल्ला से तलाक को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी ऐसे समय हुई है, जब करीब तीन महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अलग रह रही पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक को मंजूरी देने पर सहमति जताई थी। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर और पायल अब्दुल्ला के तलाक को मंजूरी देने की बात कही थी। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से अलग होने और अपने बीच लंबित सभी विवादों को सुलझाने के लिए तैयार हैं। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।
दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती
तलाक का मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान उमर और पायल ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी के लिए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था। दोनों की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि वे अपने मतभेद दूर करने और सभी विवाद खत्म करने पर सहमत हो गए हैं।
1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी
उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी साल 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे जाहिर और जामिर हैं। दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने 2011 में सार्वजनिक रूप से अलग होने की जानकारी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी पहले अपनी टिप्पणी में कहा था कि दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले अशुतोष दीक्षित ने संभाली वायुसेना की कमान

