Friday, Sep 25

होम = दुनिया = गुलिस्तान बॉर्डर पर घमासान, पाकिस्तानी सैनिकों के चौकियां छोड़ने का दावा

गुलिस्तान बॉर्डर पर घमासान, पाकिस्तानी सैनिकों के चौकियां छोड़ने का दावा

by | Sep 25, 2026 | दुनिया

Pakistan Afghanistan Border Clash: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी की खबर है। पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी APP ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दावा किया कि अफगान तालिबान के लड़ाकों ने पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसकर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कई तालिबानी लड़ाके मारे गए। आधी रात के बाद भी रुक-रुककर गोलीबारी जारी रहने की बात कही गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और अफगान पक्ष की ओर से भी तत्काल विस्तृत पुष्टि नहीं की गई।

गुलिस्तान, बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले में स्थित है और डूरंड लाइन से करीब 8 किलोमीटर दूर है। सीमा से नजदीकी के कारण यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है।

10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के बाद बढ़ा तनाव

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब करीब तीन महीने की अपेक्षाकृत शांति के बाद दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ा है। पाकिस्तान ने हालिया सीमा-पार घटनाओं के जवाब में अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए। पाकिस्तान ने इन्हें आतंकियों के ठिकानों और ड्रोन से जुड़े बुनियादी ढांचे पर कार्रवाई बताया, जबकि तालिबान सरकार ने हमलों की निंदा की और नागरिकों के मारे जाने की बात कही।

8 ड्रोन गिराने का पाकिस्तानी दावा

पाकिस्तान ने इससे पहले आठ ड्रोन मार गिराने का दावा किया था। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार चार ड्रोन तोर्खम बॉर्डर के पास और चार कोहाट के आसपास गिराए गए। अफगान पक्ष ने ड्रोन हमलों में शामिल होने से इनकार किया है।

स्पिन बोल्डक में भी झड़प का दावा

अफगान मीडिया TOLOnews की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पिन बोल्डक के सरो सानो इलाके में भी अफगान और पाकिस्तानी बलों के बीच झड़प हुई। रिपोर्ट में पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और एक चौकी नष्ट होने का दावा किया गया है। वहीं, पाकिस्तानी पक्ष से ऐसी घटनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी हमलों के जवाब में “उचित प्रतिक्रिया” की चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान इन कार्रवाइयों के जरिए मक्का पैक्ट से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है।

ये भी पढ़े: बिहार: पर्यटन स्थल पर 6 युवकों ने महिला से की बदसलूकी और छेड़छाड़, कैमरे में कैद हुई घटना; केस दर्ज