Pakistan: पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित सरहद यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी और नियमित कक्षाएं नहीं होने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से एक पाकिस्तानी सेना अधिकारी की झड़प हो गई। सोमवार को हुए विवाद में छात्रों ने अफसर को घेर लिया, जिसके बाद उसने पिस्टल निकालकर हवा में गोलियां चला दीं। घटना के बाद अधिकारी को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ सैन्य अनुशासन के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। छात्रों से बातचीत के लिए यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट अफेयर्स प्रमुख डॉ. आइना पहुंची थीं। बहस बढ़ने पर उन्होंने अपने पति लेफ्टिनेंट कर्नल असफंदयार वली को बुलाया। अफसर वर्दी और हथियार के साथ कैंपस पहुंचा और छात्रों को डंडे से पीटने लगा। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
छात्रों ने घेरा तो चलाई गोलियां
कुछ ही देर में प्रदर्शनकारी छात्रों ने अफसर को घेरकर थप्पड़ और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर हवा में गोली चलाई। पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने एक और राउंड हवा में दाग दिया। इससे कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर स्थिति संभाली। पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि अधिकारी के खिलाफ सैन्य कानून के तहत सख्त और त्वरित कार्रवाई होगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेना के रवैये पर उठे सवाल
घटना के बाद पाकिस्तान में सैन्य अधिकारियों के विश्वविद्यालय परिसरों में व्यवहार को लेकर बहस छिड़ गई। पत्रकार मोईद पीरजादा ने इसे सेना के संस्थागत पतन का संकेत बताते हुए कोर्ट-मार्शल और बर्खास्तगी की मांग की। विश्लेषक आयशा सिद्दीका ने भी सेना के रवैये पर सवाल उठाए। पत्रकार हामिद मीर ने इसे अप्रिय घटना बताया, जबकि असद अली तूर ने पूछा कि वर्दी में हथियारबंद अधिकारी विश्वविद्यालय में क्या कर रहा था और छात्रों पर बल प्रयोग का उसे क्या अधिकार था। हालांकि, कुछ लोगों ने अफसर का बचाव करते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी की सुरक्षा के लिए वहां पहुंचा था। यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान में बेरोजगारी और आर्थिक संकट को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। हाल ही में गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने दिल्ली के ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ प्रदर्शनों जैसे आंदोलन की आशंका जताई थी और कहा था कि पाकिस्तान की व्यवस्था चरमरा गई है।
ये भी पढ़े: कृति सेनन की ड्रेस पर विवाद, राहुल गांधी का समर्थन; बोले- महिलाओं की आजादी पर सवाल न उठाएं

