Balochistan Prince Kidnapped: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कलात के शाही परिवार से जुड़े राजकुमार मुहम्मद खान अहमदजई के अपहरण का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, खान सुलेमान खान दाऊद के बेटे अहमदजई को उनके तीन सुरक्षाकर्मियों के साथ अगवा कर लिया गया। मंगलवार को घटना की पुष्टि के बाद पुलिस और स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुट गए हैं। फिलहाल अपहरण के पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
राजमार्ग पर वाहन रोककर किया अपहरण
पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात की है। शुरुआती जांच में पता चला कि राजकुमार मुहम्मद खान अहमदजई खुजदार से कलात जा रहे थे, तभी राजमार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने राजकुमार और उनके तीनों सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना लिया और उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
ऐतिहासिक महत्व रखता है कलात का शाही परिवार
‘खान ऑफ कलात’ भूतपूर्व कलात रियासत के शासकों की ऐतिहासिक पदवी है। यह रियासत वर्तमान पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में केंद्रित थी और यहां ब्रहुई नेतृत्व का शासन रहा था। कलात के खान के परिवार को बलूचिस्तान में काफी सम्मान प्राप्त है। इस शाही परिवार ने क्षेत्र में राजनीतिक एकता, संप्रभु पहचान और सांस्कृतिक गौरव को आकार देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
ये भी पढ़ें: 20 नवंबर से दिल्ली में शुरू हो रहा है SCO समिट, भारत ने पाकिस्तान समेत सभी सदस्य देशों को भेजा न्योता

