Pakistan Cargo Plane Missing: यूएई के शारजाह से पाकिस्तान के कराची जा रहा K2 एयरवेज का एक कार्गो विमान अरब सागर के ऊपर लापता हो गया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने बताया कि विमान में पांच क्रू मेंबर सवार थे और उनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रडार पर तेजी से नीचे आता दिखा विमान
अथॉरिटी के मुताबिक, मंगलवार शाम विमान ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी। पाकिस्तान के समयानुसार रात 9:21 बजे रडार पर विमान तेजी से नीचे आता और अचानक दिशा बदलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही देर बाद कराची से करीब 155 नॉटिकल मील पश्चिम में उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
Flightradar24 के शुरुआती डेटा के अनुसार, विमान पहले नीचे आया, फिर कुछ ऊंचाई हासिल की, लेकिन इसके बाद अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। इसी के बाद उसका सिग्नल गायब हो गया।
समुद्र में सर्च ऑपरेशन जारी
विमान के लापता होने के बाद पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर सक्रिय कर दिया और अरब सागर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल विमान और उसमें सवार पांचों क्रू मेंबर का पता लगाने की कोशिश जारी है।
क्या है K2 एयरवेज और विमान का इतिहास?
एएफपी के अनुसार, K2 एयरवेज पाकिस्तान की एक निजी कार्गो एयरलाइन है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शेड्यूल तथा चार्टर उड़ानें संचालित करती है। सरकारी चार्टर लाइसेंस मिलने के बाद इसकी स्थापना मई 2018 में हुई थी।
वहीं Airfleets.net के मुताबिक, लापता बोइंग विमान का निर्माण 1999 में हुआ था। इसे 2012 में कार्गो विमान में बदला गया। इससे पहले यह Aeroflot और Garuda Indonesia के लिए यात्री विमान के रूप में सेवाएं दे चुका था।
ये भी पढ़े: शांत रहने वाली मैथिली ठाकुरक्यों भड़की एक युवक पर?

