Karachi Rangers base stormed: पाकिस्तान के कराची में शनिवार देर रात बड़ा आत्मघाती आतंकी हमला हुआ। गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में हुए धमाके और फायरिंग में 4 पाकिस्तानी रेंजर्स की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में 5 आतंकी मारे गए। हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है।
आत्मघाती हमले से दहला कराची
बताया जा रहा है कि कराची में हुए इस आत्मघाती हमले की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची गई थी। आतंकियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को सिंध रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य गेट से टकरा दिया, जिसके तुरंत बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शुरुआती हमले में 4 पाकिस्तानी रेंजर्स की मौत हो गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 5 आतंकी मारे गए। घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। अब जांच एजेंसियां हमले की साजिश, आतंकियों के नेटवर्क और किसी स्थानीय मददगार की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
90 मिनट तक चली मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, हमला शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुआ, जब विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी सिंध रेंजर्स के पैरामिलिट्री मुख्यालय के मुख्य गेट से जा टकराई। तेज धमाके के बाद हथियारों से लैस आतंकी गेट तोड़कर परिसर में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग के साथ ग्रेनेड भी फेंकने लगे, जिससे परिसर में कई धमाके हुए। सूचना मिलते ही कराची पुलिस, स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट, एंटी टेररिस्ट फोर्स और रेंजर्स ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्षों के बीच करीब 90 मिनट तक मुठभेड़ चली, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने 5 आतंकियों को मार गिराया, जबकि एक संदिग्ध आतंकी को जिंदा गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया।

