Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Featured = पाकिस्तान में नमाज के दौरान बड़ा धमाका, 16 की मौत और 57 घायल; मची अफरा-तफरी

पाकिस्तान में नमाज के दौरान बड़ा धमाका, 16 की मौत और 57 घायल; मची अफरा-तफरी

by | Sep 18, 2026 | Cover Story Featured

Pakistan Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका हुआ। यह विस्फोट कोहाट की ओल्ड पुलिस लाइंस परिसर में स्थित मस्जिद के पास हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 57 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

विस्फोटक से भरी गाड़ी से हुआ धमाका

पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोटक से भरी एक गाड़ी पुलिस लाइंस के गेट से टकराई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। घटना के समय मस्जिद में जुमे की नमाज चल रही थी। धमाके से मस्जिद और आसपास की इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा। एक दीवार गिर गई और घटनास्थल पर मलबा फैल गया। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

धमाके के बाद गोलीबारी भी हुई

पुलिस के मुताबिक, विस्फोट के बाद कुछ हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस परिसर में घुसने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच गोलीबारी हुई। अधिकारियों के अनुसार, सात हमलावरों ने परिसर में घुसने की कोशिश की थी और छह मारे गए। घटना के बाद इलाके में तलाशी और सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

धमाके के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। प्रशासन ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है और कोहाट-हंगू रोड पर आवाजाही भी बंद की गई। पाकिस्तान के सरकारी रेडियो के मुताबिक, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।

शहबाज शरीफ ने की निंदा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने धमाके की निंदा की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा और घटना की प्रकृति तथा कारणों पर रिपोर्ट मांगी। फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां धमाके से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/afghanistan-batting-fails-nitish-bishnoi-three-wickets-each/