होम = Trending = पाकिस्तान के लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरी, हादसे में 14 बच्चों की मौत व कई घायल

पाकिस्तान के लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरी, हादसे में 14 बच्चों की मौत व कई घायल

Lahore Roof Collapse: पाकिस्तान के लाहौर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे निजी ट्यूशन सेंटर की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां पढ़ रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 14 स्कूली बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच बच्चों का इलाज जारी है। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।

क्लास चल रही थी, तभी भरभराकर गिरी छत

यह हादसा मंगलवार को लाहौर के काहना इलाके की ईदगाह बस्ती में हुआ। उस समय सात से 13 साल की उम्र के बच्चे निजी ट्यूशन क्लास में पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक इमारत की छत भरभराकर गिर गई और कई बच्चे मलबे के नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस, राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान करीब 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों में ट्यूशन पढ़ाने वाली एक महिला शिक्षिका भी शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

निर्माणाधीन इमारत में चल रहा था ट्यूशन सेंटर, ठेकेदार गिरफ्तार

लाहौर के डीआईजी ऑपरेशंस फैसल कामरान ने बताया कि हादसे के बाद मलबे से 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में निजी ट्यूशन सेंटर संचालित हो रहा था, उसका एक हिस्सा अभी निर्माणाधीन था। हादसे के समय वहां मजदूर भी काम कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान ही अचानक छत ढह गई, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इमारत के ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।