Friday, Sep 25

होम = Breaking = भारत के ऐक्शन से हिला पाकिस्तान, सड़क पर उतरे लोग; सिंधु का नाम ले मरने की कसम खाई

भारत के ऐक्शन से हिला पाकिस्तान, सड़क पर उतरे लोग; सिंधु का नाम ले मरने की कसम खाई

by | Jul 13, 2026 | Breaking, दुनिया

Pakistan Protest News: भारत द्वारा सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले का असर अब पाकिस्तान में भी दिखने लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंध प्रांत में इस फैसले के विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और लोग "सिंधु को नहीं छोड़ेंगे" जैसे नारे लगा रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने संधि पर रोक लगाई थी और साफ कर दिया था कि आतंकवाद पर ठोस कार्रवाई के बिना पाकिस्तान के साथ सामान्य रिश्तों की उम्मीद नहीं की जा सकती।

सिंध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिलावल भुट्टो जरदारी की पार्टी PPP ने सिंध प्रांत में विरोध रैलियां निकालीं। कराची, हैदराबाद, थार, मीरपुरखास, लरकाना, शिकारपुर, नौशहरो फिरोज और दादू समेत कई शहरों में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, "मर जाएंगे, लेकिन सिंधु पर अपना दावा नहीं छोड़ेंगे।"

PPP ने जनता के बीच अभियान तेज किया

PPP के सिंध अध्यक्ष निसार अहमद खुहरो ने कहा कि पार्टी ने सिंधु जल समझौते के मुद्दे को जनता के बीच ले जाने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, हर गांव में लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी चाहते हैं कि यह मुद्दा आम लोगों तक पहुंचे और कार्यकर्ता उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए समर्थन जुटाएं, ताकि वे देश के हितों की रक्षा कर सकें।

'सिंधु हमारी जीवनरेखा', मंत्री की चेतावनी

रिपोर्ट के मुताबिक, सिंध सरकार में मंत्री सईद घनी ने कहा कि सिंधु नदी सिर्फ सिंध या कराची का नहीं, बल्कि पूरे पाकिस्तान का मुद्दा है। उन्होंने इसे देश की 'जीवनरेखा' बताते हुए कहा कि अगर सिंधु का पानी रोका गया, तो हालात गंभीर हो सकते हैं। सुक्कूर में बिलावल भुट्टो जरदारी के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन अगर लोगों को पानी और भोजन नहीं मिला तो देश के सामने युद्ध के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचेगा।