Pakistani Beauty Cream: महाराष्ट्र के नांदेड़ में जब्त किए गए 'Made in Pakistan' लेबल वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सरकारी लैब की रिपोर्ट में इन उत्पादों में पारा और आर्सेनिक जैसी जहरीली भारी धातुओं की खतरनाक मात्रा पाई गई है। खास बात यह है कि दो ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा तय सीमा से हजारों गुना ज्यादा मिली है। पुलिस ने इस मामले में करीब 39.69 लाख रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए थे।
छापेमारी में जब्त हुए थे 39.69 लाख रुपये के प्रोडक्ट्स
यह मामला नांदेड़ के मक्का गली इलाके का है। करीब चार महीने पहले यानी 9 जुलाई को इटवारा पुलिस स्टेशन की टीम ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के अधिकारियों के साथ मिलकर अफराह कलेक्शन (अफराह टूर्स एंड ट्रैवल्स) पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 39.69 लाख रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए थे। इन उत्पादों पर उर्दू और अंग्रेजी में लेबल लगे हुए थे और इनके पाकिस्तान में बने होने का दावा किया गया था। दुकान का संचालन मोहम्मद जियाउद्दीन मोहम्मद वाजिद कर रहा था। जब्त किए गए उत्पादों के नमूने जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे गए थे। अब सामने आई जांच रिपोर्ट में इन कॉस्मेटिक्स के भीतर जहरीली भारी धातुओं की मौजूदगी का खुलासा हुआ है।
दो ब्यूटी क्रीम में तय सीमा से हजारों गुना ज्यादा पारा
सरकारी लैब की जांच में दो ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा बेहद खतरनाक स्तर पर मिली। कॉस्मेटिक नियमों के तहत पारे की अनुमत सीमा 1 पार्ट्स पर मिलियन (PPM) है, लेकिन जांच में इससे कई गुना अधिक मात्रा सामने आई।
PARLEY 24K Gold Gleam Beauty Cream: इसमें 48,453.44 PPM पारा पाया गया, जो निर्धारित सीमा से 48 हजार गुना से भी ज्यादा है।
GOREE Beauty Cream with Lycopene: इसमें 6,924.94 PPM पारा मिला, जो तय सीमा से करीब 6,925 गुना अधिक है।
जांच में इन ब्यूटी प्रोडक्ट्स में आर्सेनिक की भी खतरनाक मात्रा मिलने की बात सामने आई है। इस खुलासे के बाद इन उत्पादों के इस्तेमाल से होने वाले संभावित नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है।
त्वचा से लेकर किडनी और दिमाग तक को हो सकता है नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय तक कॉस्मेटिक्स के जरिए पारा और आर्सेनिक जैसी जहरीली धातुओं के संपर्क में रहने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इनके कारण त्वचा संबंधी परेशानियां, किडनी को नुकसान और न्यूरोलॉजिकल समस्याएं पैदा होने का खतरा रहता है। जांच के नतीजों ने ऐसे संदिग्ध और नकली ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
BNS और अन्य कानूनों के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और फॉरेन ट्रेड (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नकली, बिना लाइसेंस वाले या संदिग्ध आयातित उत्पादों की बिक्री की जानकारी अधिकारियों को दें।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी का 12 साल पुराना वादा पूरा, किताब रिलीज होते ही गूगल पर 1550% बढ़ी सर्च

