Pakistani TV Anchor Rabia Ahsan Murder: पाकिस्तान की मशहूर टेलीविजन एंकर और कार्यक्रम होस्ट राबिया अहसन की रविवार को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पाकिस्तान के मीडिया संस्थान समा की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती पुलिस पूछताछ में उनके पति अहसन ताहिर खान ने हत्या की बात कबूल की है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया।
घर से बरामद हुई हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ दंपति के घर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी (PFSA) की टीम ने मौके से सबूत जुटाए। वहीं, राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने जांच के दौरान एक पिस्तौल बरामद की है, जिसका इस्तेमाल हत्या में किए जाने का संदेह है। पूछताछ में अहसन खान ने दावा किया कि हथियार संभालते समय गलती से गोली चल गई थी। उसका कहना था कि उसे पता नहीं था कि पिस्तौल में गोली भरी हुई है।
दंपति के घर में काम करने वाले एक पुरुष घरेलू कर्मचारी ने भी पुलिस को बताया कि खान ने गोली चलने को हादसा बताया था।
कौन थीं राबिया अहसन?
41 वर्षीय राबिया अहसन निजी न्यूज चैनल 92 न्यूज में एंकर और कार्यक्रम होस्ट थीं। वह वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ एक करेंट अफेयर्स कार्यक्रम की सह-मेजबानी भी करती थीं।
राबिया की दो बेटियां थीं, जिनकी उम्र 13 और 11 साल है। डॉन के मुताबिक, गोली चलने के समय दोनों बच्चे अपनी नानी के साथ घर के लॉन में मौजूद थे।
उनकी हत्या से पाकिस्तान के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। कई पत्रकारों और सार्वजनिक हस्तियों ने इस घटना पर दुख जताया है।
आसिफा भुट्टो-जरदारी ने की निष्पक्ष जांच की मांग
पाकिस्तान की प्रथम महिला आसिफा भुट्टो-जरदारी ने राबिया की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मामले की पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों की जवाबदेही तय हो सके।
उन्होंने अगस्त में रावलपिंडी स्थित अपने घर में मृत पाई गईं डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव हिना जावेद की हत्या का भी जिक्र किया। आसिफा ने एक ही महानगरीय क्षेत्र में पेशेवर महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं को चिंताजनक बताया। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं को अपनी जिंदगी और काम को लेकर किसी तरह के डर के बिना रहने का अधिकार मिलना चाहिए।
ये भी पढ़े: शेख हसीना ने नए पासपोर्ट के लिए किया आवेदन, बांग्लादेश वापसी की दिशा में बढ़ाया पहला कदम

