Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = डोपिंग निलंबन के बीच पैरा-एथलीट नीरज यादव की हुई मौत, 3 बार एशियाई पैरा खेलों में जीता था गोल्ड

डोपिंग निलंबन के बीच पैरा-एथलीट नीरज यादव की हुई मौत, 3 बार एशियाई पैरा खेलों में जीता था गोल्ड

by | Oct 28, 2026 | Breaking, News Top, खेल

Neeraj Yadav Death: भारत के दिग्गज पैरा-एथलीट और तीन बार के एशियाई पैरा खेलों के स्वर्ण पदक विजेता नीरज यादव के निधन की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 42 वर्षीय खिलाड़ी दिल्ली स्थित अपने आवास पर अचेत अवस्था में मिले थे। उनके निधन के कारणों की जांच की जा रही है और अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने की निधन की पुष्टि

भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने नीरज यादव के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि वह इसके पीछे की सही वजह नहीं बता सकते। सत्यनारायण ने कहा कि खिलाड़ियों को अच्छे और बुरे, दोनों दौर का सामना शांति से करना चाहिए। उन्होंने नीरज के इस कदम पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि उन्होंने इस हद तक जाकर ऐसा कदम उठाया।

डोपिंग निलंबन के बाद तनाव में होने की चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीरज यादव की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से तनाव में थे। यादव एफ-55 कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करते थे, जिसमें बैठे हुए या व्हीलचेयर पर रहते हुए फील्ड इवेंट्स में हिस्सा लिया जाता है। डोपिंग निलंबन के कारण वह इसी महीने आयोजित आइची-नागोया एशियाई पैरा खेल 2026 में भाग नहीं ले सके थे।

बचपन की चुनौती को हराकर जीते 3 स्वर्ण

नीरज यादव को सात साल की उम्र में पोस्ट-पोलियो रेजिडुअल पैरालिसिस हो गया था, लेकिन उन्होंने खेलना नहीं छोड़ा। व्हीलचेयर टेनिस से शुरुआत करने के बाद उन्होंने पैरा-एथलेटिक्स में भाला फेंक और तस्तरी फेंक को अपनाया। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक और 2023 के हांगझू खेलों में दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।

ये भी पढ़ें: पैरा तैराक मोहम्मद शम्स पर जापान में महिला से यौन हिंसा करने का लगा आरोप, एशियन पैरा गेम्स से भारत लौटे