Parineeti Chopra Pregnancy Career: बॉलीवुड में एक समय ऐसा माना जाता था कि किसी अभिनेत्री की शादी या मां बनने के बाद उसका करियर लगभग खत्म हो जाता है। हालांकि, अब इंडस्ट्री और दर्शकों की सोच में बदलाव देखने को मिल रहा है। परिणीति चोपड़ा ने अपनी नई नेटफ्लिक्स सीरीज ‘Shaque: Trust No One’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान इसी बदलती सोच पर खुलकर बात की। परिणीति ने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय अभिनेत्रियों को मां बनने की कीमत अपना करियर गंवाकर चुकानी पड़ती थी। उनके मुताबिक, उस दौर में शायद दर्शक स्क्रीन पर मां बन चुकी अभिनेत्रियों को देखने के लिए उतने उत्साहित नहीं होते थे। लेकिन अब स्थिति बदल रही है और किसी अभिनेत्री को सिर्फ इसलिए खारिज नहीं किया जाता क्योंकि उसने बच्चे को जन्म दिया है।
दीपिका, आलिया और प्रियंका की दी मिसाल
परिणीति चोपड़ा ने अपनी बात समझाने के लिए दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और अपनी बहन प्रियंका चोपड़ा का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी अभिनेत्रियां मां बनने के बाद भी अपने करियर के पीक पर हैं। परिणीति के मुताबिक, प्रियंका चोपड़ा वेस्ट में शानदार काम कर रही हैं, जबकि दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट भारत में लगातार बेहतरीन काम कर रही हैं। उनका मानना है कि मां बनने के बाद भी ये अभिनेत्रियां शानदार और क्वालिटी काम कर रही हैं।
काम बंद करना नामंजूर
जब परिणीति से उनके निजी विचारों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि अगर वह भविष्य में मां बनती हैं, तो सिर्फ इस वजह से काम करना बंद नहीं करेंगी। उनके मुताबिक, बच्चे को दुनिया में लाना एक खूबसूरत अहसास है, लेकिन इसके कारण किसी महिला के लिए काम के अवसर खत्म हो जाना बेहद दुखद है। परिणीति ने कहा कि यह सप्लाई और डिमांड का खेल है। अगर दर्शक नई कहानियां देखना चाहते हैं और मां बन चुकी अभिनेत्रियों को स्वीकार कर रहे हैं, तो निर्देशक और लेखक भी उनके लिए बेहतर भूमिकाएं लिख रहे हैं।
क्या है ‘Shaque: Trust No One’ की कहानी
परिणीति चोपड़ा ‘Shaque: Trust No One’ के साथ ओटीटी डेब्यू करने जा रही हैं। यह नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली सस्पेंस थ्रिलर सीरीज है, जिसे रेन्सिल डी’सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने मिलकर क्रिएट किया है। सीरीज की कहानी भरोसे और शक के बीच की उस स्थिति पर आधारित है, जहां हर रिश्ता सवालों के घेरे में आ जाता है। मेकर्स के मुताबिक, कहानी में हर मोड़ पर नया ट्विस्ट देखने को मिलेगा।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है सीरीज
इस सीरीज में परिणीति चोपड़ा के साथ सोनी राजदान, अनूप सोनी, जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास नजर आएंगे। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के मुताबिक, रेन्सिल की लिखी कहानी इतनी ग्रिपिंग थी कि वह इसे बनाने से खुद को रोक नहीं पाए। अब देखना होगा कि परिणीति चोपड़ा का यह ओटीटी डेब्यू दर्शकों को कितना पसंद आता है।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/india-china-relations-brics-summit/

