Janmashtami Celebration Paris: फ्रांस की राजधानी पेरिस में BAPS (अक्षरधाम) के निरीक्षण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्यता और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आगामी 6 सितंबर को फ्रांस के पहले पारंपरिक हिंदू मंदिर में मूर्ति प्रतिष्ठा समारोह होना है। इसी मंदिर महोत्सव के तहत जन्माष्टमी के दिन प्रसिद्ध सीन नदी में सुबह भक्ति यात्रा आयोजित की गई, जिसमें हजारों संत और श्रद्धालु शामिल हुए। संतों ने भजन-कीर्तन के जरिए परब्रह्म की आराधना की, जबकि महिलाओं ने कलशयात्रा के माध्यम से भक्ति अर्घ्य अर्पित किया।
दिल्ली के अक्षरधाम में कृष्ण जन्मोत्सव
दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर परिसर में भी जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत शाम को भगवान की धुन और प्रार्थना से हुई। संतों ने भागवत के गोपिका गीत के माध्यम से शरणागति, अनन्य भक्ति और कथा-सत्संग के प्रति प्रेम जैसे आध्यात्मिक विषयों पर प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि भगवान की शरणागति केवल भावनात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को प्रभु-केंद्रित बनाने की साधना है। कथा और सत्संग के प्रति प्रेम आध्यात्मिक दृढ़ता व सद्गुणों के विकास में सहायक है।
बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उत्सव में बच्चों और किशोरों ने भक्तिपरक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। श्रीकृष्ण के प्राकट्य और दिव्य चरित्र पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण रही। भक्ति-संगीत, प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अक्षरधाम का वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर गया। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन और झांकी का लाभ लिया।
ये भी पढ़े: दिल्ली-NCR में बारिश से बदला मौसम, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

