Thursday, Sep 24

होम = Breaking = पटना के दीदारगंज में आग से मचा हड़कंप, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर; प्रशासन की टीम जांच में जुटी

पटना के दीदारगंज में आग से मचा हड़कंप, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर; प्रशासन की टीम जांच में जुटी

Patna Fire News: बिहार की राजधानी पटना के दीदारगंज इलाके से देर रात एक बड़े अग्निकांड की खबर सामने आई है। महुली रोड स्थित एक तेल, रिफाइंड और डालडा के गोदाम में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में सरसों तेल, रिफाइंड और डालडा का स्टॉक रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।

आग बुझाने में जुटीं दो दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियां

आग की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने इलाके को घेरकर राहत और बचाव अभियान शुरू कराया, जबकि आग पर काबू पाने के लिए दो दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां लगातार मशक्कत करती रहीं। हालांकि, घटना के करीब 6 घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग तेजी से फैलती रही, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी हुई हैं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, लाखों का नुकसान

जानकारी के मुताबिक, इस गोदाम से पूरे बिहार में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल की सप्लाई की जाती थी। भीषण आग में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग के बाद गोदाम से तेल सड़क पर बहने लगा, जिससे आसपास फिसलन की स्थिति बन गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है, जबकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं।