Friday, Nov 13

होम = News Featured = छठ पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ की तैयारी! पटना में 18 लाख का एक्सपायर्ड घी जब्त

छठ पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ की तैयारी! पटना में 18 लाख का एक्सपायर्ड घी जब्त

by | Nov 13, 2026 | News Featured

Expired Ghee Seized: बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक्सपायर्ड घी को दोबारा प्रोसेस कर बाजार में बेचने की कथित तैयारी की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने छापेमारी कर करीब 18 लाख रुपये का घी जब्त किया है। अधिकारियों ने यह कार्रवाई घी की दोबारा सप्लाई होने से पहले की।

राकेश मसाला कंपनी में फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी

यह मामला पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित दमराही घाट का है। गुप्त सूचना के आधार पर पटना फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने राकेश मसाला कंपनी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में एक्सपायर्ड घी मिला। टीम ने पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। विभाग के मुताबिक, आशंका थी कि छठ महापर्व के दौरान बाजार में बेचने के लिए इस घी को दोबारा प्रोसेस करके इस्तेमाल लायक बनाया जा रहा था। अधिकारियों ने करीब 18 लाख रुपये कीमत के घी को बाजार में वापस पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया।

छठ के प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी की शुद्धता पर सवाल

छठ बिहार के सबसे प्रमुख त्योहारों में शामिल है। इस दौरान प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा-पाठ तक हर काम में शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। ऐसे में एक्सपायर्ड घी को दोबारा प्रोसेस करके बाजार में बेचने की कथित कोशिश ने खाद्य सुरक्षा और लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अगर यह घी बाजार में पहुंच जाता तो त्योहार के दौरान इसका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों और प्रसाद बनाने में हो सकता था।

दिल्ली में यमुना में मरी मछलियां मिलने का मामला भी गरमाया

इसी बीच छठ पूजा से पहले दिल्ली में यमुना नदी में मरी हुई मछलियां मिलने का मामला भी चर्चा में है। दिल्ली सरकार के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। विभाग ने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने जानबूझकर यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाली हैं। इसे छठ महापर्व के आयोजन और दिल्ली सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश बताया गया है। विभाग ने पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच करने, आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी का 12 साल पुराना वादा पूरा, किताब रिलीज होते ही गूगल पर 1550% बढ़ी सर्च