Tuesday, Nov 10

होम = क्राइम = पटना में तड़के एनकाउंटर, 20 मिनट तक चली गोलीबारी में 3 की मौत

पटना में तड़के एनकाउंटर, 20 मिनट तक चली गोलीबारी में 3 की मौत

Patna Police Encounter: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। मनेर थाना क्षेत्र में गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी मारे गए। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से करीब 40 राउंड गोलियां चलीं।

20 मिनट तक चली मुठभेड़, थाना प्रभारी भी घायल

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे अपराधियों ने पुलिस पर 24 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 18 राउंड फायरिंग की। करीब 20 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में राजेश शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार के हाथ में भी गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया पेशेवर शूटर, परिजनों ने मुठभेड़ पर उठाए सवाल

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए तीनों आरोपी पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर हत्याओं को अंजाम देते थे। घटनास्थल से एक देसी पिस्टल और दो देसी कट्टे बरामद किए गए हैं। वहीं, मुठभेड़ की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ मारपीट की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुठभेड़ को फर्जी बताया और मामले में कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें: पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, धुरी से लड़ेंगे CM भगवंत मान, जेल में बंद विधायक को भी टिकट