Pauri Devprayag Road Accident: उत्तराखंड के पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। सबदरखाल के पास कुंडधार में एक बोलेरो (UK08 BL 0387) अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
6 लोग थे सवार
बोलेरो देवप्रयाग से पौड़ी जा रही थी। कुंडधार के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वह खाई में जा गिरी। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। देवप्रयाग थाना पुलिस व SDRF ने स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू शुरू किया।
पौड़ी के SSP सर्वेश पंवार के मुताबिक, वाहन में छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे शादाब (14) और भाई गुफरान (34) के रूप में हुई है। सभी हरिद्वार के लक्सर थाना क्षेत्र स्थित रायपुर जीतपुर के निवासी थे।
घायल अरमान को रेस्क्यू टीम ने खाई से निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा। पुलिस ने शव बरामद कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
CM धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों को घायल का तत्काल उपचार कराने और जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
ये भी पढ़े: अबान के जनाजे में शामिल होंगे उमर और अली, HC ने दी पैरोल

