Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = शादी के 13 साल बाद पवन कल्याण और पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का किया ऐलान

शादी के 13 साल बाद पवन कल्याण और पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का किया ऐलान

Pawan Kalyan Separation: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने पत्नी अन्ना कोनिडेला के साथ 13 साल की शादी खत्म करने का फैसला किया है। दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का ऐलान किया है। पवन के इंस्टाग्राम पर देर रात साझा संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि अलग होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त और बच्चों के समर्पित माता-पिता बने रहेंगे। उन्होंने लोगों से निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।

बच्चों की खुशी रहेगी पहली प्राथमिकता

संयुक्त बयान में कहा गया कि शादी भले ही खत्म हो रही है, लेकिन बच्चों की खुशी और उनका भविष्य दोनों की साझा जिम्मेदारी रहेगी। दंपति के दो बच्चे हैं- पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच। उन्होंने इस मुश्किल समय में शुभचिंतकों से समझदारी, सहयोग और निजी जिंदगी का सम्मान करने का अनुरोध किया।

पवन कल्याण की तीसरी शादी का अंत

पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी। उनकी पहली शादी 1997 में नंदिनी से हुई थी, लेकिन 1999 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। 2012 में उनका तलाक हो गया। साल 2013 में पवन ने मूल रूप से रूस की रहने वाली अन्ना से विवाह किया था।

अभिनेता से आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम तक का सफर

चिरंजीवी और नागेंद्र बाबू के छोटे भाई पवन कल्याण ने 1996 में फिल्म 'अक्कड़ा अम्मायी इक्कड़ा अब्बायी' से अभिनय की शुरुआत की। उनका राजनीतिक सफर 2008 में प्रजाराज्यम पार्टी की युवा शाखा युवराज्यम के अध्यक्ष बनने के साथ शुरू हुआ। 2011 में पार्टी के कांग्रेस में विलय के बाद उन्होंने राजनीति से कुछ समय का ब्रेक लिया।

मार्च 2014 में उन्होंने जन सेना पार्टी (JSP) बनाई और चुनाव प्रचार किया। 2019 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने गजुवाका और भीमावरम से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों सीटें हार गए। उनकी पार्टी को केवल राजोल सीट पर जीत मिली।

2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में उन्होंने JSP, TDP और BJP के बीच गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई। गठबंधन को बड़ी जीत मिली और जन सेना ने सभी लड़ी गई सीटों पर कब्जा किया। इसके बाद 14 जून 2024 को पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

ये भी पढ़े: BJP नेता के घर पहुंचे ममूटी तो मचा बवाल, लेफ्ट समर्थकों ने घेरा; CPI(M) ने किया किनारा