Peru Plane Crash: पेरू के नाज़का शहर के पास शनिवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। विश्व प्रसिद्ध नाज़का लाइन्स की सैर कराने जा रही एक टूरिस्ट फ्लाइट खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पायलट और चालक दल सहित विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाज़का लाइन्स की सैर के दौरान हुआ हादसा
पर्यटकों को लेकर उड़ान भरने वाला यह विमान विश्व प्रसिद्ध नाज़का लाइन्स की हवाई सैर कराने जा रहा था। नाज़का नगर प्रशासन के अनुसार, हादसा उड़ान के दौरान हुआ। नाज़का लाइन्स पेरू के रेगिस्तान में बनी सैकड़ों साल पुरानी विशाल जियोग्लिफ़ आकृतियां हैं, जिनमें जानवरों और अन्य आकृतियों के चित्र उकेरे गए हैं। इनका पूरा दृश्य केवल हवाई जहाज या विशेष व्यूइंग टावर से ही देखा जा सकता है।
विमान में 11 विदेशी पर्यटक थे सवार
पेरू के व्यापार और पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त टूरिस्ट विमान में 11 विदेशी पर्यटक और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। सरकारी समाचार एजेंसी एंडीना के मुताबिक, यात्रियों में 2 जर्मन, 2 स्पेनिश और 7 इतालवी नागरिक शामिल थे। अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि विमान संचालित करने वाली कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

