होम = Breaking = दुनिया में 35% तक बढ़े पेट्रोल के दाम, भारत में सिर्फ 5.58% बढ़ोतरी: हरदीप पुरी

दुनिया में 35% तक बढ़े पेट्रोल के दाम, भारत में सिर्फ 5.58% बढ़ोतरी: हरदीप पुरी

by | Jul 2, 2026 | Breaking, News Top, देश

Petrol Diesel Price: अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद होर्मुज संकट टलने से भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट 2-3 महीने तक बनी रहती है, तभी कीमतों में कमी पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऑयल कंपनियां वही कच्चा तेल प्रोसेस कर रही हैं, जो पश्चिम एशिया संकट के दौरान ऊंची कीमत पर खरीदा गया था।

उन्होंने बताया कि 30 जून तक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेचने के कारण तेल कंपनियों को 74,781 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

दुनिया के मुकाबले भारत में कम बढ़ीं कीमतें

पुरी के मुताबिक, पिछले चार महीनों में पेट्रोल की कीमत फ्रांस में 17.74%, जर्मनी में 19.05%, इटली में 18.39%, पाकिस्तान में 39.77%, श्रीलंका में 36.66%, नेपाल में 20.3% और बांग्लादेश में 42.69% बढ़ी। इसके मुकाबले भारत में जून 2022 से जून 2026 के बीच पेट्रोल 5.58% और डीजल 6.23% ही महंगा हुआ।

होर्मुज संकट का असर नहीं पड़ा

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि होर्मुज संकट के बावजूद भारत में कहीं भी ईंधन की कमी, लंबी कतारें या आपूर्ति में रुकावट नहीं आई। उन्होंने कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा केवल स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) पर निर्भर नहीं है।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले से पहले केंद्र ने पेट्रोल और डीजल पर 10-10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाई थी, जिससे सरकार को करीब 1 लाख करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ। फिलहाल कंपनियों के पास मौजूद स्टॉक 2 से ढाई महीने पहले खरीदा गया है। ऐसे में यदि कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले महीनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर स्थिति और स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़े: अली खामेनेई का अंतिम संस्कार 9 जुलाई को, 4 महीने की देरी क्यों?