PM Friend Land Dispute BJP MLA: महाराष्ट्र के ठाणे में जमीन विवाद से जुड़े मामले में 81 वर्षीय असगरअली वोहरा को बड़ी राहत मिली है। बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता ने उनकी जमीन से कब्जा हटाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच वोहरा ने करीब एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। वोहरा को प्रधानमंत्री का बचपन का दोस्त बताया जाता है और दोनों ने गुजरात के एक ही स्कूल में पढ़ाई की है।
विधायक की कंपनी ने कब्जा छोड़ने का किया ऐलान
बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता की कंस्ट्रक्शन कंपनी ‘सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन्स’ ने विवादित जमीन से अपना कब्जा हटाने और निर्माण की अनुमति वापस लेने का ऐलान किया है। विधायक ने असगरअली वोहरा और उनके सहयोगी अजय ढोका के खिलाफ पहले दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत वापस लेने की बात भी कही है। पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में मेहता ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।
1989 में खरीदी थी जमीन
वोहरा के मुताबिक, भायंदर पूर्व के नवघर इलाके में उनकी 2,810 वर्ग मीटर जमीन है, जिसे उन्होंने 1989 में खरीदा था। उनका आरोप है कि 2011 में इस जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया। वोहरा ने स्वयं बिल्डर्स और विधायक नरेंद्र मेहता से जुड़ी ‘सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन’ पर जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार करने और कब्जा करने का आरोप लगाया। इसी विवाद को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

