Thursday, Sep 24

होम = Trending = कहीं कुरान ख्वानी, कहीं दरगाह में दीये, ऐसे मना रहे मुस्लिम PM मोदी का जन्मदिन

कहीं कुरान ख्वानी, कहीं दरगाह में दीये, ऐसे मना रहे मुस्लिम PM मोदी का जन्मदिन

by | Sep 17, 2026 | Trending

PM Modi Birthday Muslim Community: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुस्लिम समाज से जुड़े कुछ संगठनों और लोगों ने भी इस मौके पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इनमें कुरान ख्वानी, दुआ, केक काटना और दरगाहों पर दीये जलाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन कार्यक्रमों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ा गया है।

मुरादाबाद में महिलाओं ने काटा केक

मुरादाबाद में मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने एक जगह जुटकर केक काटा और मिठाइयां बांटीं। इसके बाद कुरान की तिलावत की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए दुआ मांगी गई। कार्यक्रम में बच्चों ने भी हिस्सा लिया। मेरठ में भी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनवार कुरैशी के घर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुस्लिम समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र के लिए दुआ की।

कई शहरों में कुरान ख्वानी

दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, भोपाल और मुंबई समेत कई शहरों में भी मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों की ओर से कुरान ख्वानी और दुआ के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में देश की तरक्की, अमन और भाईचारे की कामना की गई।

दरगाहों पर जलाए जाएंगे दीये

जन्मदिन के मौके पर शाम को कई प्रसिद्ध सूफी दरगाहों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह, अजमेर शरीफ, यूपी की देवा शरीफ और कछौछा शरीफ जैसी दरगाहों का नाम शामिल है। दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह पर 723 दीये जलाने की बात कही गई है। इसके साथ चादरपोशी और प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश में अमन-शांति के लिए दुआ किए जाने का कार्यक्रम भी है।

वाराणसी में भी कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों की ओर से दीपोत्सव आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा स्थानीय मुस्लिम संगठनों की ओर से केक काटने और अन्य कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। ‘सेवा संकल्प’ के तहत भोजन और फल वितरण, स्वच्छता अभियान तथा मेडिकल कैंप जैसे सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/trump-india-china-russia-oil-100-percent-tariff-bill/