Modi 76th Birthday: आने वाले दो महीने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और केंद्र सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। सितंबर के दूसरे हफ्ते से शुरू होकर अक्टूबर के पहले हफ्ते तक बीजेपी देशभर में बड़े स्तर पर सेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को व्यापक स्तर पर मनाना है।
अगले महीने पीएम मोदी मनाएंगे अपना जन्मदिन
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे। इस अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी देशभर में 'सेवा सप्ताह' मनाया जाएगा। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता और एनडीए से जुड़े संगठन रक्तदान, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और अन्य सामाजिक सेवा के कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे
इसके बाद 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा होगा। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद वे लगातार गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा कर रहे हैं। इस तरह 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे।
बीजेपी मनाएगी 'सेवा संकल्प महोत्सव'
इस अवसर को लेकर बीजेपी ने 'सेवा संकल्प महोत्सव' की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की योजना है कि सितंबर के दूसरे हफ्ते से अक्टूबर के पहले हफ्ते तक देशभर में लगभग 25दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाए। इस दौरान सेवा कार्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की यात्रा, उनके नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
जिला, मंडल और बूथ स्तर पर होंगे कई कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक, इस अभियान के तहत जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत वृक्षारोपण, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य शिविर, युवाओं के लिए नमो युवा रन और मैराथन, प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा और उपलब्धियों पर डिजिटल एवं फोटो प्रदर्शनी, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कल्याण शिविर और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की योजना है। इन कार्यक्रमों के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

