Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = भारत-EU ट्रेड डील लागू होने की ओर बढ़ी, PM मोदी का दिसंबर में तय हुआ ब्रुसेल्स दौरा

भारत-EU ट्रेड डील लागू होने की ओर बढ़ी, PM मोदी का दिसंबर में तय हुआ ब्रुसेल्स दौरा

India EU Free Trade Agreement: भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच लंबे समय से चल रही मुक्त व्यापार समझौते की बातचीत अब अहम पड़ाव पर पहुंचती दिख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स जाएंगे, जहां इस समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने इसकी जानकारी दी है। इस समझौते से भारत और यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के बीच व्यापार और आर्थिक रिश्तों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

दिसंबर में ब्रुसेल्स पहुंचेंगे PM मोदी

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कनाडा में मॉन्ट्रियल काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस के एक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में समझौते पर हस्ताक्षर करने ब्रुसेल्स आएंगे। उनका दौरा 17 दिसंबर को होने वाली यूरोपीय नेताओं की बैठक से ठीक पहले हो सकता है। भारत और यूरोपीय संघ ने इस साल की शुरुआत में समझौते पर बातचीत पूरी की थी। इसके लागू होने से 2 अरब से अधिक लोगों का साझा बाजार बनेगा, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था का करीब एक चौथाई हिस्सा होगा।

निर्यात को मिलेगा ड्यूटी-फ्री बाजार

भारत-EU समझौते का मकसद व्यापारिक बाधाएं कम करना और दोनों पक्षों के कारोबार को बाजार तक बेहतर पहुंच देना है। इसके तहत भारत के 99 प्रतिशत से अधिक निर्यात को यूरोपीय बाजार में ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलेगी। इससे टेक्सटाइल, लेदर, आभूषण और रत्न जैसे क्षेत्रों को फायदा होने की उम्मीद है। वहीं, भारत आने वाले यूरोपीय सामान पर भी टैरिफ घटेगा या छूट मिलेगी।

ऑटो सेक्टर और डेयरी को मिली सुरक्षा

समझौते में ऑटोमोबाइल और ऑटो पार्ट्स जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में टैरिफ की कटौती धीरे-धीरे की जाएगी, जबकि घरेलू खेती और डेयरी उद्योग को इससे बाहर रखा गया है। यह समझौता IT, प्रोफेशनल सर्विसेज, बिजनेस कंसल्टिंग और रिसर्च एंड डेवलपमेंट जैसी सेवाओं को भी कवर करेगा। दोनों के बीच व्यापार लगातार बढ़ा है। 2024-25 में भारत और EU का वस्तुओं का व्यापार 136.54 अरब डॉलर यानी 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।

ये भी पढ़ें: भारत-EU के बीच हुई ‘महा डील’, PM मोदी ने कहा- भारत ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा FTA किया