PM Modi Canada Visit G20 Mark Carney: भारत और कनाडा के रिश्तों में लंबे समय बाद एक और अहम घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा करेंगे। कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने संयुक्त राष्ट्र में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मोदी G20 बैठक के दौरान कनाडा भी पहुंचेंगे। हालांकि, दौरे की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है। यह मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
CEPA पर बातचीत में तेजी
कार्नी ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। दोनों देश व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते यानी CEPA पर बातचीत को G20 बैठक तक पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस समझौते के जरिए दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने की कोशिश है। मोदी के कनाडा दौरे के दौरान व्यापार वार्ता में हुई प्रगति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
G20 के लिए पीएम मोदी जा सकते हैं अमेरिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में अमेरिका दौरे की संभावना जताई जा रही है। उनका संभावित दौरा 14 और 15 दिसंबर को फ्लोरिडा के ट्रंप नेशनल डोरल मियामी रिजॉर्ट में होने वाली G20 समिट से जुड़ा है। इस बार G20 की मेजबानी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे। सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल होंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के G20 समिट में शामिल होने को लेकर भारत सरकार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में पीएम मोदी के अमेरिका दौरे और सम्मेलन में उनकी भागीदारी की अंतिम पुष्टि का इंतजार है। दोनों देशों के बीच हालिया कूटनीतिक गतिविधियों के बीच इस संभावित दौरे पर भी नजर बनी हुई है।

