प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के विदेश दौरे के पहले पड़ाव पर इंडोनेशिया में हैं। मंगलवार को वह इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक, समुद्री सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
जकार्ता पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दौरा भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति को नई गति देने के साथ-साथ इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और मुक्त समुद्री मार्गों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था, जिससे दोनों देशों को कई क्षेत्रों में लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान दोनों नेता व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सहयोग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श करेंगे।
प्रम्बानन मंदिर का भी करेंगे दौरा
अपने कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ योग्याकार्ता स्थित ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी भ्रमण करेंगे। यह विश्व प्रसिद्ध हिंदू मंदिर भारत और इंडोनेशिया के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। योग्याकार्ता शहर से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात का उन्हें विशेष इंतजार है और यह संपर्क दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।
गणतंत्र दिवस यात्रा के बाद पहली मुलाकात
यह दौरा राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की जनवरी 2025 में भारत यात्रा के बाद हो रहा है, जब वे गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद मजबूत हैं और यह यात्रा द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
दौरे के अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे पीएम
इंडोनेशिया यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न जाएंगे। इसके बाद अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में वह न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के आमंत्रण पर ऑकलैंड का दौरा करेंगे।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal : मेष से मीन तक जानें कैसा रहेगा आज का दिन

