Saturday, Sep 26

होम = News Latest = दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले PM मोदी का रोड शो, जनता में जबरदस्त उत्साह

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले PM मोदी का रोड शो, जनता में जबरदस्त उत्साह

Narendra Modi Saharanpur Visit: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहारनपुर में हुआ रोड शो पूरी तरह उत्साह और जोश से भरपूर नजर आया। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचा, पहले से मौजूद हजारों लोगों ने नारे लगाकर और फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया।

गाड़ी से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन

प्रधानमंत्री काले रंग की एसयूवी में सवार थे और कड़ी सुरक्षा के बीच आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान वे गाड़ी से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन करते दिखाई दिए। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल को गूंजा रहे थे, जबकि कई जगहों पर उन पर फूलों की वर्षा की गई। करीब एक किलोमीटर लंबे इस रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

योगी और राज्य सरकार के मंत्रियों ने किया स्वागत

इससे पहले सुबह करीब 11 बजकर 5 मिनट पर प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सहारनपुर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार के मंत्रियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीकॉप्टर के आसमान में दिखाई देते ही लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और पूरा इलाका नारों से गूंज उठा।

माहौल हुआ जीवंत

कार्यक्रम स्थल के आसपास सांस्कृतिक मंच भी सजाए गए थे, जहां कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से माहौल को और जीवंत बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। भीषण गर्मी और लगभग 35 डिग्री तापमान के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और पांडाल खचाखच भरा रहा।

रोड शो के बाद प्रधानमंत्री देहरादून रवाना होंगे, जहां वे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय करीब 6 घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

क्या है कॉरिडोर की खासियत

इस कॉरिडोर की खासियत यह भी है कि इसे पर्यावरण और वन्यजीवों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें करीब 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जिसे एशिया के सबसे लंबे वन्यजीव मार्गों में गिना जा रहा है। इससे जंगल क्षेत्रों में जानवरों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

कार्यक्रम स्थल पर कड़े इंतजाम

सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम स्थल पर कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए थे और पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग जांच की व्यवस्था की गई थी। बिना जांच किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। खाने-पीने की वस्तुओं और पानी की बोतलों को भी अंदर ले जाने पर रोक लगाई गई थी। यहां तक कि हाथ में कड़ा या अन्य सामान रखने वालों को भी बाहर ही रोका गया। कुल मिलाकर, रोड शो से लेकर उद्घाटन तक का यह पूरा कार्यक्रम न सिर्फ राजनीतिक रूप से अहम रहा, बल्कि विकास और जनसमर्थन का एक बड़ा प्रदर्शन भी बन गया।

ये भी पढ़ें: अपने आखिरी संबोधन में भावुक हुए नीतीश कुमार, कहा- बतौर CM जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार…’