PM Modi Second Reel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर लोगों से सीधे संवाद किया है। शुक्रवार को उन्होंने 24 घंटे के भीतर अपनी दूसरी इंस्टाग्राम रील शेयर करते हुए NEET पेपर लीक और परीक्षा में धोखाधड़ी के खिलाफ सरकार के सख्त रुख को मिले जबरदस्त जनसमर्थन के लिए देशवासियों का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के सुझाव और फीडबैक सरकार के लिए बेहद अहम हैं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
पीएम मोदी ने ऐसे जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी नई सोशल मीडिया पोस्ट में लोगों के समर्थन और सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "दोस्तों, आपका धन्यवाद। कल रात मुझे आपसे जुड़ने का मौका मिला। मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उस पर आपकी प्रतिक्रिया और आपके सकारात्मक सुझावों के लिए धन्यवाद। सभी का शुक्रिया। मुझे उम्मीद है कि आपका प्यार और समर्थन बना रहेगा और हमारा रिश्ता और भी मजबूत और सक्रिय होगा। धन्यवाद। दोस्तों, धन्यवाद।" पीएम मोदी का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे युवाओं से सीधे संवाद की उनकी पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
NEET वीडियो को 30 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले
पीएम मोदी का यह संदेश NEET पेपर लीक पर जारी उनके वीडियो के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने परीक्षा में धांधली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। खास बात यह है कि उनके पहले इंस्टाग्राम वीडियो को 300 मिलियन (30 करोड़) से ज्यादा बार देखा गया, जिसके बाद उन्होंने लोगों के समर्थन और सुझावों के लिए दोबारा धन्यवाद दिया।

