India Digital Economy News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने UPI को भारत की विकास यात्रा की बड़ी उपलब्धि बताया। पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल पहले बैंकिंग को लोगों की उंगलियों तक पहुंचाने की बात पर शायद ही किसी को भरोसा था, लेकिन आज यह हकीकत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत को उन देशों में भी UPI का विस्तार करना चाहिए, जिनके साथ उसका व्यापारिक संबंध है।
वैश्विक चुनौतियों के बीच 7.8% की ग्रोथ भारत के भरोसे का संकेत
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय संघर्ष और अनिश्चितताओं से जूझ रही है, जिसका असर ऊर्जा और वस्तुओं की सप्लाई चेन पर भी पड़ा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में भारत का 7.8% की दर से विकास करना दुनिया में नया भरोसा पैदा करता है। उन्होंने जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी की ओर से भारत की सॉवरेन रेटिंग को ‘A’ कैटेगरी में अपग्रेड किए जाने का भी जिक्र किया, जो करीब 30 साल बाद हुआ है। पीएम ने कहा कि भारत की फिनटेक यात्रा भी शानदार रही है और UPI इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
‘10 साल पहले सपना लगता था, आज हर पल हो रहे हजारों UPI ट्रांजैक्शन’
पीएम मोदी ने कहा कि एक दशक पहले बैंकिंग को उंगलियों तक पहुंचाने की बात कई लोगों को असंभव लगती थी, लेकिन आज UPI ने इसे हकीकत बना दिया है। उन्होंने कहा कि फिनटेक सेक्टर में युवाओं की बढ़ती भागीदारी और नए आइडिया विकसित भारत के लक्ष्य को और मजबूत कर रहे हैं। पीएम के मुताबिक, हर साल इस मंच पर आने से उन्हें युवाओं की ऊर्जा, जोखिम लेने की क्षमता और सपनों को हकीकत में बदलने का बढ़ता भरोसा नजर आता है।
GFF बना ग्लोबल फिनटेक जगत के लिए बड़ा मंच
2020 में शुरू हुआ ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) नीति, नियमन, तकनीक और उद्योग से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाता है। इसमें केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान और टेक कंपनियों के साथ दुनियाभर के विशेषज्ञ डिजिटल पेमेंट, वित्तीय समावेशन और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इसका मकसद फिनटेक के क्षेत्र में भारत की भूमिका को मजबूत करना और नए विचारों को जमीन पर उतारना है।

