Poland Deputy Foreign Minister: पोलैंड के उप-विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्तोशेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक भूमिका को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि 2022 के अंत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से रोकने में पीएम मोदी की अहम भूमिका रही। उन्होंने यह भी कहा कि पुतिन, मोदी की बात गंभीरता से सुनते हैं और उनकी राय का सम्मान करते हैं।
'मोदी उन नेताओं में हैं जिनकी बात पुतिन सुनते हैं'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोलैंड के उप-विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्तोशेव्स्की ने कहा कि भारत के रूस के साथ लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात गंभीरता से सुनते हैं। उनके मुताबिक, पीएम मोदी उन चुनिंदा नेताओं में हैं जो पुतिन पर प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2022 के अंत में यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को रोकने में भी पीएम मोदी की अहम भूमिका रही थी।
भारत की विदेश नीति की कर चुके हैं तारीफ
रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 से जारी है। इसी बीच, पिछले महीने सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को "महान देश" बताते हुए उसकी स्वतंत्र विदेश नीति की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर सभी देशों के साथ संबंध आगे बढ़ा रहा है। साथ ही, बिना किसी देश का नाम लिए उन्होंने पश्चिमी देशों की नीतियों पर भी परोक्ष टिप्पणी की थी।

