Wednesday, Nov 11

होम = News Big = प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR, रूस के विदेश मंत्री का फर्जी वीडियो शेयर करने का आरोप

प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR, रूस के विदेश मंत्री का फर्जी वीडियो शेयर करने का आरोप

by | Nov 4, 2026 | News Big

Prashant Bhushan FIR: दिल्ली पुलिस ने वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित तौर पर एडिट किया हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के जरिए भारत के खिलाफ भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित की गई। मामले की जांच स्पेशल सेल की IFSO यूनिट कर रही है।

साइबर पेट्रोलिंग के दौरान सामने आया मामला

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान इस मामले की जानकारी मिली। सोशल मीडिया हैंडल @thequotesnews ने दावा किया था कि प्रशांत भूषण के हैंडल @pbhushan1 से रूस के विदेश मंत्री का भारत विरोधी कथित डॉक्टर्ड वीडियो साझा किया गया है। पुलिस ने इस मामले में FIR नंबर 263/26 दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(1)(c), 356 और 340(2) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66C भी लगाई गई है।

वीडियो के जरिए अफवाह फैलाने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से भ्रामक, मानहानिकारक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित की गई। इससे सार्वजनिक उपद्रव और अफवाहें फैलने की आशंका थी। अब पुलिस वीडियो के स्रोत और उसे सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि वीडियो कहां से आया और इसे किस तरह तैयार या एडिट किया गया। फिलहाल FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो की वास्तविकता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

क्या है रूस के विदेश मंत्री के वीडियो का पूरा मामला?

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्हें भारत की विदेश नीति और रूस से तेल खरीदने को लेकर आलोचनात्मक बातें कहते हुए दिखाया गया। वीडियो में कथित तौर पर यह संदेश दिया गया कि भारत रूस का केवल व्यापारिक साझेदार है और उसे रूस की विदेश नीति पर सलाह देने का अधिकार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने भी यह वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया था। उन्होंने इसे भारत के लिए 'करारा तमाचा' बताया था।

हालांकि, जांच में वीडियो के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि इसमें सर्गेई लावरोव के नाम पर फर्जी ऑडियो और बातें जोड़ी गई थीं। विदेश मंत्रालय, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) और रूस के दूतावास ने भी वीडियो को फर्जी बताया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने 3 नवंबर को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशांत भूषण के खिलाफ स्पेशल सेल में FIR दर्ज की।

ये भी पढ़ें: Gold Silver Rate Crash: दिवाली से पहले खरीदारों की मौज! सोना-चांदी के भाव में भारी गिरावट