Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Featured = सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 2 आरोपियों को लगी गोली; 4 गिरफ्तार

सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 2 आरोपियों को लगी गोली; 4 गिरफ्तार

Prayagraj Pawan Yadav Murder: प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हंडिया थाना पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल को गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने प्रधान पति समेत कुल चार आरोपियों को पकड़ा है। सभी से पूछताछ जारी है और हत्या की वजह व आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

कैफे से निकलते ही हुआ हमला

मुंगराव गांव निवासी पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कार से हंडिया पहुंचे थे। कर्मनाशा मोहल्ले में कार खड़ी करने के बाद वह पास के कैफे में दोस्तों के साथ करीब दो घंटे रहे। शाम 5.20 बजे कैफे से निकलकर वह कार की ओर बढ़े।

इसी दौरान प्रयागराज की तरफ से बाइक पर तीन बदमाश पहुंचे। इनमें दो ने हेलमेट पहन रखा था। कार के पास पहुंचकर बाइक धीमी की गई और पीछे बैठे बदमाश ने बेहद करीब से पवन पर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस ने घायल पवन को हंडिया के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पवन यादव सपा के जिला सचिव और पूर्व प्रधान थे। परिवार में पत्नी नीतू, बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा बेटा प्रिंस हैं। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे।

शाम 5.30 बजे पुलिस करेगी खुलासा

मुठभेड़ के बाद चारों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या की साजिश में किसकी क्या भूमिका थी और आरोपियों के बीच क्या संबंध है। पुलिस बुधवार शाम 5.30 बजे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी, जिसमें गिरफ्तारी, मुठभेड़ और हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़े: कटिहार में युवक की हत्या का आरोप, कब्रिस्तान में दफनाया शव; वायरल वीडियो के बाद निकाली गई कब्र