Pulkit Mani Show Cancellation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि के तीन शो रद्द हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा, लखनऊ और कानपुर में होने वाले उनके कार्यक्रम कैंसिल किए गए हैं। यह विवाद राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पुलकित की पीएम मोदी की मिमिक्री के बाद शुरू हुआ। पुलकित ने सबसे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए नोएडा शो रद्द होने की जानकारी दी और इसे ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ का नतीजा बताया।
धमकियों का दावा, तीनों शो हुए रद्द
इसके बाद पुलकित मणि ने एक अन्य पोस्ट के जरिए बताया कि नोएडा के साथ लखनऊ और कानपुर में होने वाले उनके शो भी रद्द कर दिए गए हैं। कॉमेडियन ने दावा किया कि उन्हें लगातार ‘गुंडा एक्टिविस्ट्स’ की ओर से धमकियां मिल रही थीं। हालांकि, उन्होंने इन कथित धमकियों की प्रकृति या उन्हें भेजने वालों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
मिमिक्री को लेकर बीजेपी नेताओं ने की आलोचना
शो रद्द होने का फैसला इंदौर में राहुल गांधी के छात्र-केंद्रित कार्यक्रम के एक दिन बाद आया, जहां पुलकित मणि ने उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की थी। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने मिमिक्री को लेकर आलोचना की। बीजेपी ने आरोप लगाया कि प्रस्तुति में प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां को लेकर भी संदर्भ था। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मिमिक्री की आलोचना करते हुए इसकी मंशा पर सवाल उठाए। वहीं, सतीश पूनिया, बृज भूषण शरण सिंह, देवेंद्र फडणवीस, संजय सरावगी, रामचंदर राव और शाजिया इल्मी समेत अन्य बीजेपी नेताओं ने भी राहुल गांधी की आलोचना करते हुए माफी की मांग की।
कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को किया खारिज
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए पुलकित मणि का बचाव किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां का मजाक नहीं उड़ाया गया। कांग्रेस नेताओं भूपेश बघेल, सज्जन सिंह वर्मा और राशिद अल्वी ने भी इसे हास्य और मिमिक्री का हिस्सा बताया। राशिद अल्वी ने कहा कि मिमिक्री के दौरान राहुल गांधी दर्शकों के साथ हंस रहे थे।

