Punjab Da Crorepati: पंजाब के युवाओं के पास अब अपनी जानकारी और प्रतिभा के दम पर एक करोड़ रुपये जीतने का मौका होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं के लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ पोर्टल लॉन्च किया है। इस प्रतियोगिता में 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसके विजेता को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा, जबकि चार रनर-अप को भी 10-10 लाख रुपये मिलेंगे।
कौन ले सकता है प्रतियोगिता में हिस्सा?
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वर्चुअल घोषणा के दौरान बताया कि 15 से 30 साल की उम्र के युवा पोर्टल के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिभागियों को पूछे गए सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद की प्रक्रिया में पंजाब से जुड़े विषयों पर फिजिकल परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
पंजाब के इतिहास और भूगोल से पूछे जाएंगे सवाल
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता में राज्य के इतिहास, भूगोल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रश्नों का स्तर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले सवालों के बराबर होगा। ऐसे में प्रतिभागियों को अपनी सामान्य जानकारी के साथ पढ़ाई और तैयारी पर भी ध्यान देना होगा।
कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर होगी प्रतियोगिता
भगवंत मान ने बताया कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी जानकारी बढ़ाने और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में जीतने वाले को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि चार अन्य प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
ये भी पढ़ें: ‘मेरा भाई अजित पवार नहीं रहा तो मर्जर की बातें क्या करना’, सुप्रिया सुले का बड़ा बयान

