Saturday, Aug 29

होम = News Big = प्रज्ञानंदा ने रचा इतिहास! ग्रैंड शतरंज टूर जीतने वाले पहले भारतीय

प्रज्ञानंदा ने रचा इतिहास! ग्रैंड शतरंज टूर जीतने वाले पहले भारतीय

by | Aug 29, 2026 | News Big, खेल

R Praggnanandhaa News: शतरंज की दुनिया में आर. प्रज्ञानंदा ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 21 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर ने सेंट लुईस में खेले गए ग्रैंड शतरंज टूर के फाइनल में शानदार वापसी करते हुए अमेरिका के फैबियानो कारुआना को मात दी और यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। खास बात यह रही कि फाइनल के आखिरी दिन प्रज्ञानंदा 6 अंकों से पीछे थे, लेकिन उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए बाजी पलट दी।

2 लाख डॉलर की इनामी राशि

प्रज्ञानंदा ने कारुआना को 15-13 से हराकर जीसीटी खिताब अपने नाम किया। उन्हें इनाम के तौर पर 2 लाख डॉलर यानी करीब 1.91 करोड़ रुपये मिले। इस जीत के साथ प्रज्ञानंदा, कारुआना और वेस्ली सो ने अगले साल के ग्रैंड शतरंज टूर में जगह पक्की कर ली। वेस्ली ने विन्सेंट कीमर को 18-12 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

6 अंक से पिछड़े, फिर पलटी बाजी

जीत के बाद प्रज्ञानंदा ने कहा कि उन्हें खुद जीत की ज्यादा उम्मीद नहीं थी। दिन की शुरुआत में वह कारुआना से 6 अंक पीछे थे, लेकिन दोनों रैपिड गेम जीतकर 2 अंकों की बढ़त बना ली। इसके बाद चार ब्लिट्ज गेम में एक-एक जीत और दो ड्रॉ रहे। कारुआना ने दूसरा ब्लिट्ज गेम जीतकर स्कोर 12-12 किया, लेकिन प्रज्ञानंदा ने तीसरा गेम जीतकर फिर 2 अंकों की बढ़त हासिल की। आखिरी गेम ड्रॉ होते ही उन्होंने 15-13 से खिताब अपने नाम कर लिया।