Friday, Sep 04

होम = Breaking = राघव चड्ढा को चिदंबरम की ‘बधाई’ के पीछे क्या है कहानी? जानिए पूरा मामला

राघव चड्ढा को चिदंबरम की ‘बधाई’ के पीछे क्या है कहानी? जानिए पूरा मामला

Raghav Chadha News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को एक अलग अंदाज में ‘बधाई’ दी है। दरअसल, चिदंबरम ने यह तंज वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर किया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने देश की वयस्क आबादी के करीब 10 फीसदी लोगों को ‘नॉन-वोटिंग सिटिज़न’ बना दिया है। चिदंबरम ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राघव चड्ढा अकेले नहीं हैं, बल्कि उनके जैसे कई लोग अब वोट नहीं दे पाएंगे।

राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाया आरोप

इससे पहले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि पंजाब से मौजूदा राज्यसभा सांसद होने के बावजूद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मोहाली में रजिस्टर्ड उनके नाम के सामने ‘शिफ्टेड’ लिखा गया है। चड्ढा ने एक्स पर कहा कि राहत की बात यह है कि ये अभी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट है, अंतिम सूची नहीं।

AAP ने चड्ढा के आरोपों पर दी सफाई

आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि SIR की प्रक्रिया चुनाव आयोग कराता है और वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने या हटाने में राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि सार्वजनिक रिकॉर्ड के मुताबिक चड्ढा पंजाब में नहीं, बल्कि दिल्ली में रह रहे हैं। बता दें कि राघव चड्ढा पहले आम आदमी पार्टी के नेता थे और पार्टी ने ही उन्हें राज्यसभा भेजा था। हालांकि, इसी साल अप्रैल में उन्होंने AAP छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान किया था।