Rahul Gandhi Allegations: संसद में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अमित शाह जवाब देने को तैयार हैं, तो उन्हें सदन से भागना नहीं चाहिए।
राहुल का पलटवार- भाषण नहीं, छात्रों पर कार्रवाई का जवाब चाहिए
राहुल गांधी ने देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि किसी को गृह मंत्री अमित शाह के भाषण में दिलचस्पी नहीं है। विपक्ष सिर्फ यह जानना चाहता है कि छात्रों पर गोलियां और लाठियां चलाने का आदेश किसने दिया। इस मुद्दे और राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विपक्षी सांसद सुबह 10:30 बजे संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे।
NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक शुरू
संसद भवन की लाइब्रेरी बिल्डिंग में NDA संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक शुरू हो गई है। बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए।

