Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद के सहारे सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी है। राहुल गांधी का यह बयान पीएम मोदी के राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिए गए उस भाषण के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर देश को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी से कहा, "मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।" उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत की आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है।
PM मोदी को खुली बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर खुली बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने लिखा, "मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।" हालांकि, राहुल गांधी ने साथ ही दावा किया कि प्रधानमंत्री इस बहस के लिए सामने नहीं आएंगे। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी इसलिए बहस नहीं करेंगे, क्योंकि वह उन बातों से डरते हैं, जिन्हें राहुल गांधी उनके बारे में जानते हैं।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर PM मोदी ने विपक्ष पर साधा था निशाना
राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में दिए गए भाषण के बाद आया है। इस दौरान पीएम मोदी ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि कुछ ताकतें देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि अफवाहें फैलाने और देश की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल हथियार के तौर पर किया जा रहा है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि विदेश में कौन किससे गुपचुप तरीके से मिल रहा है और भारत विरोधी ताकतें किसका समर्थन कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: नरक चतुर्दशी पर क्यों जलाए जाते हैं दीपक? जानें छोटी दिवाली की कथा और परंपराएं

