होम = News Big = अनुराग ठाकुर की शिकायत पर राहुल गांधी को नोटिस, लोकसभा में ‘अभद्र भाषा’ के इस्तेमाल का आरोप

अनुराग ठाकुर की शिकायत पर राहुल गांधी को नोटिस, लोकसभा में ‘अभद्र भाषा’ के इस्तेमाल का आरोप

Rahul Gandhi Privilege Notice: लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने सदन में ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। समिति ने उनसे 28 अगस्त 2026 तक जवाब मांगा है। यह कार्रवाई बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर की शिकायत के आधार पर हुई है। अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और केंद्रीय गृह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि नियम 353 के तहत इसकी पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई।

संजय जायसवाल ने भी की थी शिकायत

बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने 29 जुलाई को भी इस मामले में लोकसभा में शिकायत दी थी। उन्होंने राहुल गांधी पर गृह मंत्री के खिलाफ कथित असंसदीय शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की थी।

‘स्टूडेंट, इडियट और अंधभक्त’ पर हुआ था हंगामा

विवाद मॉनसून सत्र में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान हुआ था। भारी हंगामे के बीच राहुल गांधी ने छात्रों से बातचीत का उदाहरण देते हुए लोगों की तीन श्रेणियों का जिक्र किया था—‘स्टूडेंट, इडियट और अंधभक्त।’ उन्होंने छात्रा के हवाले से ‘इडियट’ शब्द का इस्तेमाल किया और ‘अंधभक्त’ की भी व्याख्या की। इस पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन में हंगामा हुआ। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया था कि वह किसी सत्ता पक्ष के सदस्य को व्यक्तिगत रूप से ‘इडियट’ नहीं कह रहे, बल्कि छात्रा से हुई बातचीत का उदाहरण दे रहे थे।

ये भी पढ़े: 1992 से चल रहे Burger King पर FDA का एक्शन, आउटलेट सील; लाइसेंस सस्पेंड