होम = Breaking = डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे राहुल गांधी ने PM मोदी को दिया मैसेज; अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा

डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे राहुल गांधी ने PM मोदी को दिया मैसेज; अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा

Rahul Gandhi Protest: प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे राहुल गांधी का एक पैर नंगे होने की तस्वीर चर्चा में है। रिहाई के बाद उन्होंने छात्रों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सियासी संदेश भी दिया।

'छात्रों के मुद्दों पर संसद में चर्चा से सरकार बच रही'

वायरल वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष संसद में छात्रों के मुद्दों और देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर चर्चा चाहता था, लेकिन सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने गंभीर विषय पर भी संसद में बहस कराने से बचा गया, जबकि करोड़ों छात्रों का भविष्य इससे जुड़ा हुआ है।

राहुल गांधी ने सरकार के सामने रखीं तीन बड़ी मांगें

राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर कथित अत्याचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के युवाओं से माफी मांगने और शिक्षा व परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार शुरू करने की अपील की।

राहुल समेत कई नेता हिरासत में

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

ऐसे बना था प्लान

कांग्रेस ने पूरे विरोध-प्रदर्शन की रणनीति बेहद गोपनीय तरीके से बनाई। पहले नेताओं के खड़गे के आवास पहुंचने को जन्मदिन की मुलाकात बताया गया, लेकिन बैठक खत्म होते ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता अचानक पैदल ही प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकल पड़े। कम दूरी होने के कारण पुलिस को संभलने का मौका कम मिला और प्रदर्शनकारी PM आवास के करीब पहुंच गए।