Friday, Sep 25

होम = News Latest = रेलवे ने दशहरा-दिवाली पर यात्रियों को दी राहत! ट्रेन के ट्रिप बढ़े, एक्स्ट्रा कोच भी जुड़ेगा

रेलवे ने दशहरा-दिवाली पर यात्रियों को दी राहत! ट्रेन के ट्रिप बढ़े, एक्स्ट्रा कोच भी जुड़ेगा

by | Sep 8, 2026 | News Latest

Railway Festival Special Train: दशहरा और दीपावली से पहले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और कन्फर्म टिकट की मांग को देखते हुए रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। महाराष्ट्र से कोटा होते हुए उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच भी लगाया जाएगा।

मुंबई-कानपुर स्पेशल ट्रेन के 13-13 अतिरिक्त ट्रिप

रेलवे के मुताबिक, गाड़ी संख्या 09185 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन के 13 अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे। यह ट्रेन हर रविवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। अतिरिक्त ट्रिप की तारीखें इस प्रकार हैं:

सितंबर: 13, 20 और 27 सितंबर
अक्टूबर: 4, 11, 18 और 25 अक्टूबर
नवंबर: 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर
वापसी में गाड़ी संख्या 09186 कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन हर सोमवार को चलेगी। इसके अतिरिक्त फेरे इन तारीखों पर होंगे:

सितंबर: 14, 21 और 28 सितंबर
अक्टूबर: 12, 19 और 26 अक्टूबर
नवंबर: 2, 9, 16, 23 और 30 नवंबर
इस तरह दोनों दिशाओं में 13-13 अतिरिक्त ट्रिप मिलेंगे। इससे महाराष्ट्र, कोटा और उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए एक और विकल्प मिलेगा।

सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में बढ़ेगा स्लीपर कोच

कोटा मंडल की सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में भी यात्रियों की सुविधा के लिए स्लीपर क्लास का एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। गाड़ी संख्या 19801 सोगरिया-दानापुर एक्सप्रेस में यह कोच 2 नवंबर से जोड़ा जाएगा। वहीं, वापसी की गाड़ी संख्या 19802 दानापुर-सोगरिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर से अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी। अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद इस ट्रेन में कुल 22 कोच हो जाएंगे। इनमें 2 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 6 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर, 4 जनरल क्लास, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन सोगरिया से चलकर बारां, रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, मुड़वारा, मैहर और सतना होते हुए दानापुर पहुंचेगी।

त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत

दशहरा और दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में लोग महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करते हैं। ऐसे में ट्रेनों में कन्फर्म बर्थ मिलना मुश्किल हो जाता है। अतिरिक्त फेरे और कोच बढ़ने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। मुंबई-कानपुर रूट पर सफर करने वाले यात्री सितंबर से नवंबर के बीच अतिरिक्त ट्रिप की तारीखों को ध्यान में रखकर टिकट बुक कर सकते हैं। इससे त्योहारों के दौरान घर जाने की योजना बनाने में आसानी होगी।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/ram-mandir-ceo-jitendra-mishra/