Raj Thackeray Chhath Puja Controversy: महाराष्ट्र के मुंबई में छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि छठ पूजा के नाम पर मराठी और उत्तर भारतीयों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से राजनीतिक साजिश का हिस्सा नहीं बनने की अपील की है।
'उत्तर प्रदेश चुनाव को ध्यान में रखकर हो रहा विवाद'
राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि छठ पूजा को महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला बताने वाली रील्स साझा की जा रही हैं। उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश का भी जिक्र किया और कहा कि MNS ने इसे बंद करवा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा विवाद आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव को ध्यान में रखकर खड़ा किया जा रहा है। ठाकरे के मुताबिक, BJP लोकसभा चुनाव के दौरान हिंदू-मुस्लिम और विधानसभा चुनाव के समय जातीय टकराव के मुद्दे उठाती है। उन्होंने पिछले साल मुंबई महानगरपालिका चुनाव के दौरान कबूतरखाने को लेकर गुजराती और मराठी समुदायों के बीच हुए विवाद का भी उल्लेख किया।
मराठी, उत्तर भारतीयों और गुजरातियों से की अपील
राज ठाकरे ने मराठी लोगों से BJP के उठाए मुद्दों पर उलझने के बजाय अपनी रणनीति खुद तय करने को कहा। छत्रपति शिवाजी महाराज की छापामार युद्ध नीति का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि किसे, कब और कैसे जवाब देना है, इसका फैसला सही समय पर किया जाएगा।
उन्होंने उत्तर भारतीयों और गुजरातियों से भी मराठी लोगों के खिलाफ न जाने की अपील की। उनका आरोप है कि कुछ लोग दोनों समुदायों को लड़ाकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं।
महाराष्ट्र की जमीन और जंगलों का मुद्दा उठाया
ठाकरे ने महाराष्ट्र की जमीन, जंगलों और सह्याद्रि पर्वत क्षेत्र का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य के संसाधन एक उद्योगपति को सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से इनके संरक्षण के प्रति जागरूक रहने को कहा। पोस्ट के अंत में उन्होंने BJP से धार्मिक, जातीय और राज्यों के बीच विवाद पैदा करने के बजाय कुछ नया करने की नसीहत दी। साथ ही मराठी लोगों और महाराष्ट्र के सैनिकों से सतर्क रहने और सही समय पर फैसला लेने की बात कही।

