Commonwealth Games 2026: भारत की झोली में एक और पदक जुड़ गया है। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गर्व का पल बताया।
मांडविया ने दी जीत की बधाई
राजा मुथुपांडी ने रविवार (स्थानीय समय) को 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के पुरुषों के 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई देते हुए लिखा, "भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए गर्व का क्षण! पुरुषों के 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपांडी को बहुत-बहुत बधाई।"
286 किग्रा वजन उठाकर जीता रजत
26 वर्षीय राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में कुल 286 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 126 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 160 किग्रा वजन उठाया, जिससे वह पोडियम पर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, मलेशिया के अज़नील बिन बिदिन मोहम्मद ने कुल 299 किग्रा वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। यह उनके करियर का लगातार तीसरा कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण है। इससे पहले वह गोल्ड कोस्ट 2018 और बर्मिंघम 2022 में भी चैंपियन रह चुके हैं।

