Money Eaten by Termites: राजस्थान के बालोतरा में एक किसान की 5 लाख रुपये की जमा पूंजी दीमकों ने बर्बाद कर दी। किसान ने परिवार से पैसे बचाने के लिए इन्हें खेत में छिपाकर रखा था, लेकिन करीब एक साल बाद जब रकम निकाली तो नोट पूरी तरह खराब हो चुके थे।
खेत में छिपाए पैसे की जगह ही भूल गए
मांगीलाल ने 5 लाख रुपये प्लास्टिक की थैली में रखकर रात के समय खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिए थे और इसकी जानकारी परिवार को भी नहीं दी। कुछ समय बाद कमरे के निर्माण के लिए पैसे निकालने की जरूरत पड़ी, लेकिन उन्हें वह जगह याद नहीं रही जहां रकम छिपाई थी। करीब 10 बीघा के खेत में उन्होंने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन पैसे नहीं मिले। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें शराब पीने की आदत है और भूलने की समस्या के कारण वह रकम की जगह याद नहीं रख पाए।
एक साल बाद मिला कैश, दीमकों ने कर दिया बर्बाद
करीब एक साल बाद मानसून से पहले खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर से प्लास्टिक बैग जमीन के ऊपर आ गया। अगले दिन मांगीलाल की पत्नी और बेटे को खेत की बाड़ के पास यह बैग मिला। खोलने पर अंदर 500 रुपये के नोटों के टुकड़े और उनमें लगी दीमक देखकर वे हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि लंबे समय तक जमीन में दबे रहने के कारण दीमकों ने ज्यादातर नोटों को बर्बाद कर दिया।
बैंक ने नोट बदलने से किया इनकार
दीमकों से खराब हुए नोटों को लेकर परिवार ने पहले पचपदरा स्थित SBI शाखा से संपर्क किया, लेकिन नोटों की हालत देखकर बैंक ने उन्हें स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार बालोतरा की SBI मुख्य शाखा पहुंचा, जहां उन्हें जयपुर स्थित बैंक से संपर्क करने की सलाह दी गई।

