होम = Breaking = राजस्थान: 545 kgसंदिग्ध सिंथेटिक पनीर जब्त, JCB से गड्ढा खोदकर मौके पर ही किया नष्ट

राजस्थान: 545 kgसंदिग्ध सिंथेटिक पनीर जब्त, JCB से गड्ढा खोदकर मौके पर ही किया नष्ट

545 kg synthetic paneer seized Rajasthan: राजस्थान के किशनगढ़ कस्बे में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 545 किलो कथित सिंथेटिक और बदबूदार पनीर जब्त किया। जांच में पनीर को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे JCB मशीन से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि यदि यह खेप बाजार तक पहुंच जाती, तो बड़ी संख्या में लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था।

संदिग्ध कार से मिला पनीर

पुलिस के अनुसार, नियमित गश्त के दौरान एक सफेद रंग की ईको कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक की करीब 15 कैनों में भरा 545 किलो पनीर मिला। कार में मौजूद दो युवकों ने अपनी पहचान आदिल खान और मुनव्वर के रूप में बताई।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि पनीर मेवात क्षेत्र से लाया गया था और इसे नारनौल तथा राजस्थान के झुंझुनू जिले के आसपास 180 से 200 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की योजना थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी।

जांच में मिली बदबू और गंदगी

सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पनीर में तेज बदबू और गंदगी पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा।

इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Act), 2006 के तहत पनीर का नमूना लेकर आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया।

पूरी खेप को किया गया नष्ट

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पूरी खेप को नष्ट करने का फैसला लिया। JCB मशीन से गड्ढा खुदवाकर 545 किलो पनीर को जमीन में दबा दिया गया, ताकि इसे दोबारा बाजार में न बेचा जा सके।

ये भी पढ़े: IMD Weather Update: ओडिशा में रेड अलर्ट, बिहार-बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश; जानें 20 जुलाई तक मौसम का हाल